12/11/21

सर्वनाम किसे कहते हैं?| सर्वनाम के विभिन्न प्रकार उदाहरणसहित,गहराई से विश्लेषण NCERT

 सर्वनाम :–

सर्वनाम शब्द का शाब्दिक अर्थ होता है – "सबका नाम"।

सर्वनाम का परिभाषा :–
ऐसे विकारी शब्द जो किसी वाक्य में संज्ञा के स्थान पर प्रयुक्त होते हैं, उसे सर्वनाम कहा जाता है।
उदाहरण– मयंक दौड़ रहा है। ; वह दौड़ रहा है।

उपर्युक्त उदाहरणार्थ वाक्य– "मयंक दौड़ रहा है" में मयंक संज्ञा है जबकि दूसरे वाक्य– "वह दौड़ रहा है" में शब्द "वह"उपसर्ग है। प्रस्तुत वाक्य में मयंक के स्थान पर शब्द वह प्रयुक्त किया गया है। चूंकि मयंक संज्ञा है जिसके बदले दूसरे वाक्य में वह शब्द का प्रयोग किया गया है इसीलिए शब्द "वह" सर्वनाम है।

सर्वनाम के अंतर्गत प्रयुक्त होने वाले शब्द–
मैं, तुम, तुम्हारा, आप, आपका, इस, उस, यह, वह, हम, हमारा, वे, वेलोग, ये, उसका, उसकी, उसके, इसका, इसकी, इसके आदि।

सर्वनाम के प्रकार :–
सर्वनाम के 6 प्रकार होते हैं, जो निम्नवत् है–
(i) पुरुषवाचक सर्वनाम
(ii) निश्चयवाचक सर्वनाम
(iii) अनिश्चयवाचक सर्वनाम
(iv) संबंधवाचक सर्वनाम
(v) प्रश्नवाचक सर्वनाम
(vi) निजवाचक सर्वनाम

(i) पुरुषवाचक सर्वनाम –
ऐसा सर्वनाम जिसमें तीन पुरुष हों– कहने वाला, सुनने वाला और जिसके बारे में कहा जाए, उसे पुरुषवाचक सर्वनाम कहते हैं।
उदाहरण– वह खा रही है।वह मायूस है।, वह ईमानदार लड़का है।, मैं खेलना चाहती हूं।, तुम मुझे बहुत प्यार करते हो।
  • पुरुषवाचक सर्वनाम में कहने वाला–उत्तम पुरुष होता है, जिसके अंतर्गत मैं (एकवचन) और हम (बहुवचन) आता है।
  • पुरुषवाचक सर्वनाम में सुनने वाला– मध्यम पुरुष होता है, जिसके अंतर्गत तु (एकवचन), तुम/तुमलोग (बहुवचन) एवं आप/आपलोग (बहुवचन)– आदर सूचक आते हैं।
  • जिसके बारे में कहा जाए वह अन्य पुरुष होता है, इसके अंतर्गत यह,वह {एकवचन}, ये, वे {बहुवचन},  वो {बहुवचन}– आदर सूचक आते हैं।
  • यदि किसी जीवधारी के नाम के स्थान पर यह/वह/ये/वे/वो को प्रयुक्त किया जाता है तो यह/वह/ये/वे/वो पुरुषवाचक सर्वनाम का अन्य पुरुष होगा।

(ii) निश्चयवाचक सर्वनाम–
ऐसे सर्वनाम शब्द जो निश्चितता अथवा दृढ़ता का बोध कराते हों, उसे निश्चयवाचक सर्वनाम कहते हैं।
उदाहरण– वह तुम्हारी पुस्तक है।, ये मेरी किताबें हैं।,  वह मेरा मकान है। यह मेरी साइकिल है आदि।
  • उपर्युक्त उदाहरणार्थ वाक्य "यह मेरी साइकिल है" में शब्द "यह"निश्चयवाचक सर्वनाम है, क्योंकि किसी व्यक्ति द्वारा अपने खुद की साइकिल की निश्चितता का बोध हो रहा है। उसी तरह उदाहरणार्थ वाक्य के अंतर्गत आने वाले जितने भी रेखांकित शब्द हैं वे सभी निश्चयवाचक सर्वनाम हैं।
  • जिन संज्ञा शब्द के लिए सर्वनाम– यह/वह/ये/वे/वो को प्रयुक्त किया जाता है, यदि वह संज्ञा ठीक इनके बाद नहीं हो तो सर्वनाम शब्द– यह/वह/ये/वे/वो निश्चयवाचक सर्वनाम के अंतर्गत आते हैं।   जैसे– यह मेरी पुस्तक है। इस वाक्य में सर्वनाम शब्द "यह" निश्चयवाचक सर्वनाम के अंतर्गत आते हैं।

(iii) अनिश्चयवाचक सर्वनाम –
ऐसे सर्वनाम शब्द जो निश्चितता अथवा दृढ़ता का बोध नहीं कराते हों, उसे अनिश्चयवाचक सर्वनाम कहते हैं।
उदाहरण– कुछ खा लो। कुछ ले लो।,  कुछ पढ़ लो।,  कोई जाने वाला है।,  कोई पढ़ रहा है आदि।
  • उपर्युक्त उदाहरणार्थ वाक्य में जितने भी रेखांकित शब्द हैं ये सब अनिश्चयवाचक सर्वनाम के अंतर्गत आते हैं।
  • अनिश्चयवाचक सर्वनाम के अंतर्गत "कोई" और "कुछ" ये दो हीं सर्वनाम शब्द आते हैं।
  • उदाहरणार्थ वाक्य– "कान में कुछ घुस गया।" इस वाक्य में सर्वनाम शब्द "कुछ" अनिश्चयवाचक सर्वनाम शब्द हैं।

(iv) संबंधवाचक सर्वनाम –
ऐसे सर्वनाम शब्द जिनसे किसी वस्तु/व्यक्ति के संबंध का बोध हो, उसे संबंधवाचक सर्वनाम कहते हैं।
उदाहरण–
  1. तुम जो कहोगे मैं वही करूंगी।
  2. यह वही स्थान है जहां तुमने मुझे बुलाया था।
  3. यह वही घड़ी है जिसे तुमने पसंद की थी।
  4. जिसकी लाठी उसकी भैंस।
  5. जैसी करनी वैसी भरनी।
  6. जैसा पसंद हो वैसा हीं खरीदो।
  7. ऐसी बात बोलो जो मुझे प्रिय लगे आदि।

  • संबंध कारक की नौ विभक्तियां होती हैं,जो इस प्रकार है–
का, की, के, ना, नी, ने, रा, री, और रे।
  • यदि संबंधकारक के इन नौ विभक्ति में से किसी भी विभक्ति को पुरुषवाचक सर्वनाम के शब्दों के साथ जोड़ा जाए तो बने नए शब्द अथवा वाक्य संबंधवाचक सर्वनाम के अंतर्गत आएंगे।

(v) प्रश्नवाचक सर्वनाम –
ऐसे सर्वनाम शब्द जिसमें प्रश्न पूछे जाने का बोध हो, उसे प्रश्नवाचक सर्वनाम कहते हैं।
उदाहरण– आप क्या कर रहे हैं?, तुम क्या खाओगे?, वह पटना क्यों जाएगा? समेली ग्राम कहां स्थित है?
  • उपर्युक्त उदाहरणार्थ वाक्य में रेखांकित शब्द प्रश्नवाचक सर्वनाम हैं
  • प्रश्नवाचक सर्वनाम वाले वाक्य में प्रयुक्त होने वाले शब्द (प्रश्नवाचक सर्वनाम) – कब, कहां, क्यों, कैसे, क्या, किसकी, किसका, कौन, किसको आदि।

(vi) निजवाचक सर्वनाम –
जिस वाक्य में सर्वनाम शब्द "आप" का प्रयोग आदरसूचक के रूप में ना होकर बल्कि कहने वाले के लिए होता है, उस सर्वनाम शब्द को निजवाचक सर्वनाम कहते हैं।
उदाहरण– तुम चले जाओ मैं अपने आप चला जाऊंगा।
  • उपर्युक्त उदाहरणार्थ वाक्य में प्रयुक्त सर्वनाम शब्द "आप" निजवाचक सर्वनाम है, जो कि उत्तम पुरुष के अंतर्गत आता है। इस वाक्य में शब्द "आप" आदरसूचक नहीं हैं बल्कि निजवाचक सर्वनाम है।

{नमस्कार प्रिय पाठकों मुझे उम्मीद है कि ये लेख आपको अच्छे लगे होंगे यदि अच्छे लगे हों तो इसे अन्य पाठकों के साथ अवश्य साझा ( share ) करें.} धन्यवाद...


No comments:

Post a Comment